बिलासपुर। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील और धमकी भरे संदेश भेजने के मामले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि युवती ने परिचित युवक को बदनाम करने के उद्देश्य से फर्जी अकाउंट बनाया था और खुद ही संदेश भेजकर सबूत तैयार किए थे। साइबर जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई।
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक का कान काटा
बिलासपुर। मल्हार क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने युवक का कान दांत से काटकर अलग कर दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। शादी का भरोसा दिलाकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने वाले आरोपी सूरज यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
जांजगीर में आज रोजगार मेला
जांजगीर-चांपा। जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आईटीआई कुलीपोटा में सोमवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। निजी क्षेत्र की तीन कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी, जिनमें अकाउंटेंट, एग्रीकल्चर ऑफिसर, सेल्स ऑफिसर, क्रेडिट असिस्टेंट और कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के पद शामिल हैं।
6 दिन बाद कब्र खोदकर निकाली गई लाश
कोरबा। पाली क्षेत्र में एक ग्रामीण की मौत के छह दिन बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने करंट लगने से मौत का आरोप लगाया है। पत्नी की शिकायत पर प्रशासनिक टीम ने शव का परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में करंट लगने के संकेत मिलने की बात सामने आई है।





