बिलासपुर। जिले में किसानों के भुगतान, अधिवक्ता संघ चुनाव, रोजगार अवसर और अपराध से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को अब तक शासन द्वारा 1 हजार 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद हजारों किसान अब भी अपने भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। विपणन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि शेष किसानों को दो से तीन दिनों के भीतर राशि उनके खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
धान बेचने वाले किसानों को 1508 करोड़ का भुगतान, फिर भी हजारों इंतजार में
शासन द्वारा 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। समय-समय पर किसानों के खातों में भुगतान भेजा गया है। अब तक कुल 1508 करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं।
हालांकि भुगतान की रफ्तार धीमी रहने से कई किसान परेशान रहे। खासकर 15 जनवरी या उसके बाद धान बेचने वाले किसानों को करीब 10 से 13 दिन तक भुगतान नहीं मिल पाया था। इससे आशंकित किसान लगातार समितियों और बैंकों के चक्कर काटते रहे। जनवरी के अंत तक कुछ किसानों को राशि मिली, लेकिन अभी भी हजारों किसान भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। विपणन विभाग का कहना है कि दो से तीन दिनों में सभी लंबित भुगतान निपटा दिए जाएंगे।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव आज, 61 प्रत्याशी मैदान में
बिलासपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव गुरुवार 12 फरवरी को हो रहा है। चुनाव में कुल 17 पदों के लिए 61 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 13 फरवरी को की जाएगी और उसी दिन शाम तक परिणाम घोषित होंगे।
इससे पहले चुनाव पर रोक लगाने के लिए दायर याचिका को जस्टिस एन.के. चंद्रवंशी ने खारिज कर दिया था। कोर्ट ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, इसलिए इसमें हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता।
अध्यक्ष पद के लिए राजीव श्रीवास्तव, अरविंद सिन्हा, दिनेश कुमार तिवारी, अब्दुल वहाब खान, शैलेन्द्र कुमार बाजपेयी, हनुमान प्रसाद अग्रवाल और रजनीश सिंह बघेल के बीच मुकाबला है। उपाध्यक्ष (वरिष्ठ) पद पर छह प्रत्याशी और उपाध्यक्ष (महिला) पद पर चार उम्मीदवार मैदान में हैं।
दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेला शुरू
राज्य के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार देने के उद्देश्य से 12 और 13 फरवरी को आईटीआई कोनी में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले मेले में 26 निजी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
फाइनेंस, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट, मेडिकल, फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, सिक्योरिटी, इंश्योरेंस, ऑटोमोबाइल और ज्वेलरी सेक्टर में करीब 4 हजार पदों पर भर्ती होगी।
मेले में शामिल होने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। अभ्यर्थी आधार कार्ड, फोटो, बायोडाटा और शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ पहुंच सकते हैं।
घरवाले सोते रहे, चोर ले उड़े 50 हजार नकद
कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद नारियलकोठी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घर के लोग सोते रहे और चोर घर में घुसकर आलमारी से 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया।
पीड़ित मनजीत सलूजा ने बताया कि 10 फरवरी की रात परिवार के साथ सोने के बाद रात करीब 12.15 बजे भतीजी के फोन से घटना की जानकारी मिली। ऊपर जाकर देखा तो चोर भाग चुका था। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दरवाजे से कूदते और भागते नजर आ रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





