July 30, 2026

Bilaspur News Update: सब्जी मंडी में भीषण आग, दो मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत, शहर में बनेगा नो-पार्किंग जोन

बिलासपुर। शहर में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी आगजनी की घटना सामने आई है। शनिचरी सब्जी मंडी में लगी भीषण आग से 14 से 15 दुकानें जलकर खाक हो गईं। वहीं सीपत क्षेत्र में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दूसरी ओर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कलेक्ट्रेट से गोलबाजार तक नो-पार्किंग जोन बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

शनिचरी सब्जी मंडी में भीषण आग, 15 दुकानें राख

शनिवार तड़के करीब 2 बजे शनिचरी सब्जी मंडी में अचानक आग लग गई। मंडी में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते 14 से 15 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। प्रभावित व्यापारियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दुकानों के शटर में करंट आने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया।

तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के नए तालाब में नहाने गए दो सगे भाई ऋषभ कुमार खरे और रितेश कुमार खरे गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि दोनों बच्चे अपने साथी के साथ तालाब में नहाने गए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

दादा के दशकर्म में शामिल होने गांव आया था परिवार

परिजनों के अनुसार बच्चों के दादा का दशकर्म कार्यक्रम रविवार को होना था। इसी वजह से उनके पिता दिल्ली से परिवार सहित गांव पहुंचे थे। परिवार पहले से ही बुजुर्ग सदस्य के निधन के दुख से उबर नहीं पाया था कि दो मासूम बेटों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

कलेक्ट्रेट से गोलबाजार तक बनेगा नो-पार्किंग जोन

शहर में बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नेहरू चौक से कलेक्ट्रेट मार्ग और सदर बाजार से हटरी चौक तक नो-पार्किंग जोन घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस क्षेत्र में ‘ड्रॉप एंड गो’ व्यवस्था लागू की जाएगी और जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए जाएंगे।

यातायात पुलिस के अनुसार सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनती है। अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मल्टी लेवल पार्किंग के उपयोग की अपील

ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने नागरिकों से निर्धारित मल्टी लेवल पार्किंग का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यातायात को व्यवस्थित करने और बाजार क्षेत्र को अवैध पार्किंग से मुक्त रखने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

5वीं और 8वीं की पूरक परीक्षाएं आज से

कक्षा 5वीं और 8वीं की पूरक परीक्षाएं 6 जून से 12 जून तक आयोजित की जाएंगी। कक्षा 5वीं की परीक्षाएं सुबह 8 से 10 बजे तक होंगी, जबकि कक्षा 8वीं के विभिन्न विषयों की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जून तक संचालित होंगी।