May 15, 2026

Bilaspur News Update: ट्रेडिंग के नाम पर 96 लाख की ठगी, कुलसचिव से मारपीट, कोरबा में छत्तीसगढ़ी भाषा को लेकर रैली

बिलासपुर। जिले में अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को चौंका दिया है। कहीं शेयर ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी ठगी हुई, तो कहीं सड़क विवाद में मारपीट का मामला सामने आया।

ट्रेडिंग में 96 लाख की ठगी
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग में 10% मुनाफे का झांसा देकर 96 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी सोनाली सरकार और उसके पति अभिजीत सरकार बताए जा रहे हैं।
पीड़ित शिल्पा श्रीवास्तव ने किटी पार्टी के दौरान पहचान होने के बाद 2024-25 के बीच करीब 91 लाख रुपए निवेश किए। वहीं एक अन्य पीड़ित अनुराग सिंह ने 5 लाख रुपए लगाए। शुरुआती मुनाफे के बाद भुगतान बंद हो गया, जिसके बाद मामला सामने आया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कुलसचिव से सड़क पर मारपीट
तोरवा थाना क्षेत्र में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव तारनीश गौतम के साथ मारपीट की घटना हुई है।
बताया जा रहा है कि ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में फार्च्यूनर सवार दो युवकों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ी भाषा को लेकर रैली
कोरबा में छत्तीसगढ़ी भाषा को जनगणना और संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर रैली निकाली गई।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

सूने मकान में चोरी
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में सूने घर में चोरी की वारदात हुई है।
अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी, चांदी के बर्तन और अन्य सामान समेत लाखों की चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।