July 29, 2026

Bilaspur News Update : बिलासपुर रहा सबसे गर्म, बीटेक छात्र मौत मामले में बड़ा खुलासा, 90 किलो गांजा जब्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और दोपहर बाद चल रही लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। रविवार की तुलना में तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गर्मी और उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर नजर आए।

बीटेक छात्र मौत मामले में बड़ा खुलासा

सेंट्रल यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र की मौत मामले में एफएसएल रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पुष्टि हुई है कि छात्र की मौत जहरीले रसायन सोडियम सायनाइड के सेवन से हुई थी। मामले में सोडियम सायनाइड बेचने वाले कारोबारी और एक कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

सरकंडा पुलिस ने केमिकल फर्म संचालक और कर्मचारी पर बीएनएस की धारा 105 और 286 के तहत अपराध दर्ज किया है। छात्र की 7 अप्रैल को जहरीला पदार्थ सेवन से मौत हुई थी। मामले के बाद खतरनाक केमिकल की बिक्री और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

फेसबुक पर गोली मारने की धमकी

मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष Nitesh Singh Thakur को फेसबुक पर गोली मारने की धमकी मिली है। आरोपी ने सोशल मीडिया मैसेज में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित की शिकायत पर मस्तूरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संबंधित फेसबुक आईडी की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।

हाईकोर्ट में पहली वेकेशन बेंच आज

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया है। जरूरी मामलों की सुनवाई के लिए वेकेशन बेंच बनाई गई है। मंगलवार को पहली बार वेकेशन बेंच में सुनवाई होगी।

जस्टिस पार्थ प्रतिम साहू और जस्टिस संजय कुमार जायसवाल की डिवीजन बेंच आवश्यक रिट, फेमिली और आपराधिक मामलों की सुनवाई करेगी। वहीं जस्टिस एनके व्यास की सिंगल बेंच भी अवकाश के दौरान मामलों की सुनवाई करेगी।

चार दिन नहीं चलेगी मेमू पैसेंजर ट्रेन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चांपा-गेवरारोड सेक्शन में अधोसंरचना विकास कार्य के चलते बिलासपुर-गेवरारोड और बिलासपुर-कोरबा मेमू पैसेंजर ट्रेनें 21 मई से 24 मई तक रद्द रहेंगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार मड़वारानी स्टेशन में अतिरिक्त लूप लाइन की कमीशनिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा।

देवरी अंडरब्रिज पांच दिन रहेगा बंद

रेल प्रशासन ने देवरी रेल अंडरब्रिज में मरम्मत और सड़क सुधार कार्य के चलते 20 मई से 24 मई तक यातायात पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है।

इस दौरान लोगों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में सोननदी ब्रिज अंडरब्रिज और भारतमाला अंडरब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

दो ऑटो से 90 किलो गांजा बरामद, 8 महिलाएं गिरफ्तार

सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इलेक्ट्रिक ऑटो से 90 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ऑटो समेत करीब 46 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई बिलासपुर-सीपत रोड पर की गई। गांजा 8 प्लास्टिक बोरियों और कपड़ों के गट्ठों में छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी ग्राम मटियारी थाना सीपत क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

शिवरीनारायण और बंसुला में आज लगेगा शिविर

जांजगीर-चांपा जिले में सुशासन तिहार के तहत मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

नगर पंचायत शिवरीनारायण के सतसंग भवन और जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बंसुला में शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी।