बिलासपुर। बिलासपुर समेत आसपास के जिलों में मंगलवार को न्यायालय, अपराध और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं। हाईकोर्ट ने एक महिला पत्रकार के खिलाफ दर्ज एफआईआर और चार्जशीट को निरस्त कर दिया है। वहीं सिरगिट्टी क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। दूसरी ओर व्यापार विहार में ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
महिला पत्रकार के खिलाफ एफआईआर और चार्जशीट निरस्त
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महिला पत्रकार श्रिया पांडेय के खिलाफ दर्ज एफआईआर और चार्जशीट को रद्द कर दिया है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने अपने फैसले में कहा कि बिना किसी ठोस कारण के जांच और चार्जशीट दाखिल करने में छह वर्ष से अधिक की देरी करना आरोपी को प्रताड़ित करने के समान है।
अदालत ने कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्राप्त शीघ्र सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन है। याचिकाकर्ता वर्ष 2018 में एक न्यूज चैनल में रिपोर्टर थीं और महिला थाना बिलासपुर में नर्सों तथा उनके परिजनों को हिरासत में रखने से जुड़ी खबर कवर करने पहुंची थीं।
सिरगिट्टी में युवक का खून से लथपथ शव मिला
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोहल्ले के निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने सुबह गली के बीच खून से लथपथ शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद हुए हैं।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पत्थरों से हमला कर युवक की हत्या की गई है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शराब के नशे में हुए विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
अमीर बनाने का झांसा देकर ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार
व्यापार विहार क्षेत्र में एक किराना व्यापारी से ढाई लाख रुपये की ठगी के मामले में तारबाहर पुलिस ने दुर्ग निवासी हैदर अली अंसारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के निवासी जनकराम साहू 12 जून को व्यापार विहार में खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान दो लोगों ने खुद को अयोध्या का पंडित बताकर उन्हें अमीर बनाने का झांसा दिया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले का दूसरा आरोपी वासिम खान अभी फरार है।
उपभोक्ता आयोग का बड़ा फैसला, बीमा कंपनी को देना होगा भुगतान
जांजगीर-चांपा जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी को बीमाधारक संजय कुमार अग्रवाल को 9 लाख 60 हजार 699 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है।
आयोग ने माना कि बीमा कंपनी ने बिना उचित कारण इलाज के पूरे खर्च का भुगतान करने से इनकार कर सेवा में कमी और अनुचित व्यापारिक व्यवहार किया है।
आयोग ने बीमा राशि के अलावा 5 हजार रुपये वाद व्यय और 20 हजार रुपये मानसिक क्षतिपूर्ति देने का भी निर्देश दिया है। आदेश का पालन 45 दिनों के भीतर करना होगा, अन्यथा सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना पड़ेगा।
जमीन विवाद में पैसे मांगने पर प्रधान आरक्षक निलंबित
जांजगीर-चांपा जिले में चौकी पंतोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उन पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति से विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने के नाम पर पैसों की मांग की थी। शिकायत पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई की गई।
मामले की जांच एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





