भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर से एक दुखद मामला सामने आया है। बसंत नगर निवासी 12वीं कक्षा की छात्रा निहारिका महिलांगे का शव घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, निहारिका महिलांगे पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, भानुप्रतापपुर की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 2 बजे उसने अपने घर के बाथरूम में फांसी लगा ली। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
भानुप्रतापपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच के तहत मृतका का मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसकी जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





