🚜 JCB बेचने के नाम पर 20 लाख की ठगी
बिलासपुर। जेसीबी बेचने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहडोल जैतपुर कलहथा निवासी मोहम्मद शाहनवाज खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि तालापारा निवासी बाबा खान ने फोन कर फाइनेंस कंपनी से जब्त जेसीबी बेचने की बात कही। सौदा तय होने पर उन्होंने बाबा खान और भरत गुप्ता को 16 लाख रुपए RTGS के माध्यम से दिए।
बाद में बैंक दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर 4 लाख रुपए और ट्रांसफर कराए गए। इसके बावजूद जेसीबी उनके नाम नहीं की गई। जब उन्होंने जेसीबी संचालक राज देवांगन से संपर्क किया तो पता चला कि बैंक भुगतान नहीं होने पर जेसीबी किसी और को बेच दी गई है। इसके बाद दोनों आरोपियों के मोबाइल बंद आने लगे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
🌿 ओडिशा से गांजा ला रहे दो तस्कर गिरफ्तार
बिलासपुर। ओडिशा से गांजा लाकर बिक्री करने जा रहे दो युवकों को एसीसीयू टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से 14 किलो 336 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर ग्राम जाली में घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक से भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान कुशल निर्मलकर (23) और जय किशन उर्फ दीपक सारथी (22) निवासी गिधौरी के रूप में हुई।
रतनपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा और बाइक जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
🍽️ रेलवे अफसर और परिजन फूड पॉइजनिंग के शिकार
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट के बाद भोजन करने वाले 100 से अधिक रेल अधिकारी और उनके परिजन फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।
रविवार रात कार्यक्रम के बाद न्यू रेल क्लब ऑडिटोरियम सहित अन्य स्थानों पर भोजन की व्यवस्था थी। खाना खाने के बाद अधिकारियों को अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। सभी को आनन-फानन में रेलवे केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कई लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दर्जन भर अधिकारी अब भी इलाज करा रहे हैं। एसडीजीएम मनोज गुरुमुखी को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
🏨 बिना अनुमति संचालित OYO होटल सील
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के देवनंदन नगर में बिना अनुमति संचालित ओयो होटल को नगर निगम ने सील कर दिया है।
स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि रिहायशी इलाके में होटल चलाया जा रहा है, जिससे संदिग्ध गतिविधियां बढ़ रही हैं। जांच में पाया गया कि भवन का नक्शा रिहायशी था, लेकिन व्यवसायिक रूप से होटल संचालित किया जा रहा था।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि बिना अनुमति निर्माण और अवैध व्यवसाय पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर एफआईआर भी दर्ज होगी।
💍 घर से 6 लाख के सोने के जेवर चोरी
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में महिला के घर से 6 लाख रुपए से अधिक के सोने के जेवर चोरी हो गए।
हेमूनगर निवासी सरस्वती यादव ने बताया कि उन्होंने जेवर आलमारी के लॉकर में रखे थे। 15 जनवरी को देखने पर सभी गहने गायब मिले। महिला ने घर में काम करने वाली नौकरानी पर शक जताया है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





