अपहरण कर फिरौती मांगने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर के रतनपुर थाना पुलिस ने युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे सोम उर्फ रोशन निर्मलकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 24 जून को आरोपी अपने साथियों के साथ एक युवक का चाकू की नोक पर अपहरण कर उसे कोरबाभांवर जंगल ले गए थे। वहां युवक के सामने गांजा फैलाकर उसकी तस्वीर खींची गई और परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची गई। आरोपियों ने पीड़ित से उसके परिवार को यह झूठ बुलवाया कि वह गांजा मामले में पुलिस की गिरफ्त में है और छुड़ाने के लिए 50 हजार रुपये चाहिए। इस मामले में पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
हाईवे से हटाए गए 45 अवैध निर्माण
राष्ट्रीय राजमार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बिलासपुर में प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे किनारे बने 45 अवैध निर्माण हटाए। यातायात पुलिस, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और NHAI की कार्रवाई के दौरान होटल, ढाबा, पेट्रोल पंप और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप की गई है और आगे भी अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
तोरवा थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अभिषेक धीरज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर करीब एक वर्ष तक पीड़िता का यौन शोषण करने और उसे ब्लैकमेल करने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को सिरगिट्टी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
नशे में धुत युवक को लूटने वाले दो आरोपी दबोचे
तोरवा थाना पुलिस ने नशे की हालत में युवक से चोरी और लूट करने वाले अनीस मसीह और अरुण उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शराब भट्ठी के पास नशे में धुत युवक की पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली चोरी कर ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
बारिश के दौरान विवाद, चाकूबाजी में नाबालिग हिरासत में
कोटा थाना क्षेत्र के पड़ावपारा में बारिश के दौरान घर के सामने खड़े होने की बात पर हुए विवाद में एक 15 वर्षीय नाबालिग ने ग्रामीण पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल मनोज कुमार की कमर के पास गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





