September 4, 2026

Bilaspur News Update: चाकूबाजी में 3 गिरफ्तार, रेलवे ने वसूला ₹4.19 करोड़ जुर्माना; दोस्त की हत्या का खुलासा

बिलासपुर। बिलासपुर और आसपास के जिलों से आज कई अहम खबरें सामने आई हैं। तोरवा थाना पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अगस्त में टिकट जांच अभियान चलाकर 60 हजार से ज्यादा यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 4.19 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला। इसके अलावा अकलतरा में ट्रक के लेन-देन को लेकर दोस्त की हत्या कर हादसे का रूप देने का मामला सामने आया है। कोरबा में पत्नी की हत्या के दोषी पति को 10 साल की सजा सुनाई गई है। वहीं हलषष्ठी पर्व पर बिलासपुर जिले में आज स्थानीय अवकाश रहेगा।

बुधवारी बाजार के पास चाकूबाजी, 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। बुधवारी बाजार के पास मामूली विवाद को लेकर गाली-गलौच और मारपीट के बाद चाकूबाजी की घटना हुई। तोरवा थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए नवल उर्फ अरुण यादव, सौरभ उर्फ नंगू परिहार और राहुल चौहान को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान आरोपियों ने राकेश करिहारे पर धारदार चाकू से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है।

रेलवे ने वसूला 4.19 करोड़ से अधिक का जुर्माना

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने अगस्त महीने में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में सघन जांच के दौरान बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले 60,822 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इस अभियान के दौरान रेलवे ने 4.19 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला।

ट्रक के लेन-देन को लेकर दोस्त की हत्या, हादसे का रचा था नाटक

अकलतरा। ट्रक के लेन-देन को लेकर हुए पुराने विवाद में दोस्त की पीट-पीटकर हत्या करने और वारदात को सड़क हादसे का रूप देने का मामला सामने आया है। पुलिस की सघन पूछताछ में आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर ने हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामला 24 जून का है। भारतमाला रोड पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 9060 की घटना में 26 वर्षीय अरविंद सिंह लोधी, निवासी सकरी बिलासपुर, की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे सड़क दुर्घटना मानते हुए वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रक के लेन-देन को लेकर अरविंद से उसका पुराना विवाद था। घटना वाले दिन शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसके बाद हेमंत ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद की लात-घूंसों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को कार के नीचे डालकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।

जांच में हत्या के तथ्य सामने आने पर मामले में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई और पहले दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को हटा दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार जब्त कर आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पत्नी की हत्या के दोषी पति को 10 साल सश्रम कारावास

कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के ग्राम चौंराभांठा डोंगाआमा में पत्नी की हत्या के मामले में अदालत ने दोषी पति को 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर 2 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।

मामला 4 मार्च 2026 की रात का है। ठाकुर राम राठिया का खाना बनाने को लेकर पत्नी कुंती बाई से विवाद हुआ था। दोनों उस समय नशे की हालत में थे। विवाद बढ़ने पर ठाकुर राम ने डंडे से पत्नी की पिटाई कर दी। हमले में उसके सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं।

रात अधिक होने के कारण कुंती बाई को अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। 5 मार्च की सुबह परिजन घर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया था।

करीब पांच महीने चली सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पर्याप्त साक्ष्य और सबूत पेश किए, जिसके आधार पर द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. ममता भोजवानी की अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 साल सश्रम कारावास और 2 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।

हलषष्ठी पर आज बिलासपुर जिले में स्थानीय अवकाश

बिलासपुर। हलषष्ठी पर्व के अवसर पर 2 सितंबर को बिलासपुर जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने वर्ष 2026 के लिए घोषित तीन स्थानीय अवकाशों में हलषष्ठी पर्व को भी शामिल किया है।

जारी आदेश के अनुसार 19 अक्टूबर को महाष्टमी और 11 नवंबर 2026 को दीपावली, भाई दूज के अवसर पर भी जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा। हालांकि बैंक और कोषालय में स्थानीय अवकाश के नियम लागू नहीं होंगे।