July 25, 2026

बिलासपुर की एंजेल चौकसे बनीं Mrs. India International Queen 2026, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने Mrs. India International Queen 2026 का खिताब जीतकर प्रदेश और शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने संयुक्त परिवार के विश्वास, सहयोग और प्रेरणा को दिया।

दिल्ली में आयोजित हुई प्रतियोगिता

एंजेल चौकसे ने प्रेसवार्ता में बताया कि दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित Mrs. India International Queen 2026 प्रतियोगिता में भारत के अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका और लंदन से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया।

42 की उम्र में पूरा किया सपना

एंजेल ने बताया कि कॉलेज के दिनों में Miss Home Science का खिताब जीतने के बाद से उनका सपना बड़े मंच तक पहुंचने का था, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण यह सपना अधूरा रह गया। पति और परिवार के सहयोग से उन्होंने 42 वर्ष की उम्र में अपने सपने को फिर से जीने का फैसला किया।

उन्होंने करीब एक वर्ष तक फिटनेस, ग्रूमिंग, कैटवॉक, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की। इसी समर्पण और तैयारी के दम पर वह प्रतियोगिता के पांच दिनों तक चले विभिन्न चुनौतीपूर्ण राउंड पार करते हुए फाइनल तक पहुंचीं और विजेता बनीं।

एंजेल चौकसे ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार के विश्वास, सहयोग और प्रोत्साहन का परिणाम है। उनकी इस सफलता से बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।