बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच बिलासपुर जिले में सांपों की सक्रियता बढ़ गई है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंवार में करैत सांप के डसने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बताया गया कि महिला देर रात घर से बाहर शौचालय जाने निकली थी, तभी आंगन में छिपे सांप ने उसे डस लिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोटा थाना क्षेत्र में खेत समतलीकरण के नाम पर किसान से 9 लाख रुपये की ठगी करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सक्रिय ठगी गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और पुलिस ने ठगी की पूरी राशि भी बरामद कर ली है।
वहीं तोरवा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने के आरोप में गौरेला निवासी सागर राठौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विवाह का वादा कर लंबे समय तक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इधर शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर व्यापारी परिवार से 20 लाख रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपी ने शुरुआती निवेश पर लाभ लौटाकर भरोसा जीता और बाद में लाखों रुपये निवेश के नाम पर ले लिए। रकम वापस मांगने पर दिया गया चेक भी बाउंस हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बारिश के मौसम में एक ओर जहां जहरीले सांपों का खतरा बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर साइबर और आर्थिक अपराधों के मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी प्रशासन और पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।





