May 14, 2026

Bilaspur News Update : मां की हत्या करने वाले बेटे को उम्रकैद… 15 दिन बदले रूट से चलेगी बरौनी एक्सप्रेस… बाइक बीमा मामले में 15 लाख क्षतिपूर्ति का आदेश

बिलासपुर। मां की हत्या करने वाले बेटे को जिला न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं रेलवे ने जौनपुर स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते बरौनी एक्सप्रेस का रूट 15 दिनों के लिए बदल दिया है। इसके अलावा उपभोक्ता आयोग ने बाइक बीमा मामले में गैलेक्सी मोटर्स को 15 लाख रुपए क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है।

मां की हत्या करने वाले बेटे को उम्रकैद

कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत तीन साल पहले हुए हत्या मामले में न्यायालय-एकादश अपर सत्र न्यायाधीश विजेंद्र सोनवानी की अदालत ने आरोपी शनि कोल को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और 1000 रुपए अर्थदंड तथा धारा 307 के तहत 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 1000 रुपए जुर्माने की सजा दी गई है।

मामले के अनुसार, 13 नवंबर 2023 की रात आरोपी शनि कोल ने अपनी मां सुमन बाई पर चरित्र शंका करते हुए हमला कर दिया था। इस दौरान उसने सुभाष कोल पर भी जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सुमन बाई को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का बैट और टूटा डंडा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया था।

15 दिन बदले रूट से चलेगी बरौनी एक्सप्रेस

उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत जौनपुर स्टेशन में यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस का मार्ग अस्थायी रूप से परिवर्तित किया गया है।

रेलवे के अनुसार, 12 से 26 मई तक गाड़ी संख्या 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस वैकल्पिक मार्ग से चलाई जाएगी। वहीं 13 से 27 मई तक गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस भी बदले हुए रूट से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेनें केराकत, जौनपुर, मिर्जापुर, विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी और मानिकपुर जैसे स्टेशनों से नहीं गुजरेंगी।

बाइक बीमा मामले में 15 लाख क्षतिपूर्ति का आदेश

जिला उपभोक्ता आयोग ने बाइक बीमा विवाद में गैलेक्सी मोटर्स को परिवादी को 15 लाख रुपए क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है। आयोग ने 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ 10 हजार रुपए मानसिक प्रतिकर और 5 हजार रुपए वाद व्यय भी देने के निर्देश दिए हैं।

परिवादी राजेश्वरी यादव ने बताया कि उनके पति मुकेश कुमार यादव ने 28 अक्टूबर 2019 को गैलेक्सी मोटर्स से बाइक खरीदी थी। अगले दिन सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि बाइक का बीमा 4 नवंबर 2019 से प्रभावी किया गया था, जबकि वाहन खरीदते समय बीमा प्रीमियम की राशि ली जा चुकी थी। आयोग ने इसे सेवा में कमी मानते हुए एजेंसी के खिलाफ फैसला सुनाया।

नदी में कूदकर छात्र ने दी जान

जांजगीर-चांपा में कक्षा 11वीं के छात्र शिवम साहू ने कथित रूप से कुदरी बैराज में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मंगलवार शाम से लापता था। गुरुवार सुबह बैराज के पास उसका शव बरामद किया गया।

परिजनों के अनुसार शिवम परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव में था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसने बैराज से कूदने से पहले अपना मोबाइल फेंक दिया था। एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन टीम द्वारा तलाश के बाद शव बरामद किया गया।

रायगढ़ जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण की तैयारी तेज

रायगढ़ जिले में तेंदूपत्ता सीजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वर्ष 2026 के लिए जिले में 58 हजार मानक बोरा संग्रहण का लक्ष्य तय किया गया है।

वन विभाग के अनुसार जिले में 112 प्राथमिक लघु वनोपज समितियां और 416 फड़ संचालित किए जाएंगे। तेंदूपत्ता संग्रहण जिले के हजारों आदिवासी और वनवासी परिवारों की आय का प्रमुख स्रोत है। संग्रहण कार्य से जुड़े परिवार एक सीजन में औसतन 15 हजार रुपए तक की अतिरिक्त आय अर्जित करते हैं।

वन विभाग ने संग्रहण केंद्रों पर पेयजल, छायादार स्थान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है।