May 15, 2026

बिलासपुर न्यूज अपडेट: म्यूल अकाउंट सिंडिकेट से लेकर सड़क हादसों तक कई बड़ी खबरें

बिलासपुर। तारबाहर पुलिस ने म्यूल अकाउंट सिंडिकेट से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सूरजपुर निवासी दीपेश कुमार गुप्ता व्यापार विहार स्थित SBI बैंक के आसपास सक्रिय था और लोगों से बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक, मोबाइल नंबर व नेट बैंकिंग डिटेल लेकर उन्हें साइबर ठगों तक पहुंचाता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इन म्यूल अकाउंट्स के जरिए साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर तुरंत निकाला जाता था। आरोपी के मोबाइल से कई बैंक खातों की जानकारी और संदिग्ध नंबर भी मिले हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

फर्जी पुलिस बनकर ट्रक ड्राइवर से वसूली, 4 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी पुलिस बनकर वसूली और लूट करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ट्रक चालकों से धमकाकर पैसे वसूलने और 9 बोरी तंबाकू लूटने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक चालक को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और 8 हजार रुपये वसूल लिए। साथ ही ट्रक से तंबाकू की बोरियां भी लूट ली गईं। पुलिस ने ब्रेजा कार समेत अन्य वाहन जब्त कर लिए हैं।

हाइवा की चपेट में बाइक सवार की मौत, चक्का जाम

जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र के घटोली चौक में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार आकाश पटेल (21) की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार आकाश अपने पड़ोसी को अस्पताल ले जा रहा था, तभी सड़क पर खड़े ट्रक के पास हाइवा बैक करते समय बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया, जिसे पुलिस और प्रशासन ने समझाइश देकर खुलवाया।

खरसिया की चोरी हुई वेन्यू कार दिल्ली से बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है। मामले में कार मैकेनिक मोहम्मद आमिर को गिरफ्तार किया गया है, जिसने डुप्लीकेट चाबी बनाकर वाहन चोरी की और नंबर प्लेट बदलकर बेचने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। करीब 6 लाख रुपये मूल्य की कार जब्त कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।