बिलासपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात्रिकालीन उड़ान सेवा की ऐतिहासिक शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण किया और पहली रात की उड़ान से रायपुर रवाना हुए। विधायक धर्मजीत सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। एयरपोर्ट को 31 करोड़ 1 लाख रुपए की लागत से 3सी वीएफआर से 3सी आईएफआर श्रेणी में अपग्रेड किया गया है, जिसके बाद डीजीसीए ने 6 फरवरी 2026 को रात्रि संचालन की अनुमति दी थी। मुख्यमंत्री ने इसे बिलासपुर के विकास के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे व्यापार, पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं को नई गति मिलेगी।
कोरबा। चार साल पहले बहन की टंगिया से हत्या करने वाले आरोपी भाई को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। घटना पाली थाना क्षेत्र के तेलसरा गांव की है, जहां आरोपी चैतराम पंडो ने पत्नी को शराब पिलाने के विवाद में बहन की हत्या कर दी थी।
वहीं, बाल संप्रेक्षण गृह से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती 17 वर्षीय अपचारी बालक सुरक्षा कर्मी को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में रसोइए ने कक्षा 6वीं के छात्र पर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रायगढ़। पुसौर क्षेत्र में एक शिक्षक से “मोर बिजली .APK” लिंक भेजकर ठगी का प्रयास किया गया, लेकिन शिक्षक की सतर्कता से मामला टल गया। विशेषज्ञों ने ऐसे लिंक से सावधान रहने की अपील की है।
बिलासपुर। बेलगहना क्षेत्र के नगोई गांव में रानी सागर तालाब के पास नवजात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।





