September 4, 2026

Bilaspur News Update: शांति मार्च से सौहार्द का संदेश, रोजगार सहायक बर्खास्त, कुदरी बैराज के 13 गेट खुले; पढ़ें बिलासपुर संभाग की बड़ी खबरें

बिलासपुर में शांति मार्च, कलेक्टर-SSP के नेतृत्व में लोगों ने दिया भाईचारे का संदेश

बिलासपुर। शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में शांति मार्च निकाला गया। मार्च में विभिन्न समाजों और समुदायों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

शांति मार्च नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान लोगों ने आपसी एकता बनाए रखने और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को मजबूत करने का संदेश दिया।

विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों के लोगों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता तथा भाईचारे से है। उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने और उसे आगे प्रसारित न करने की अपील की। वहीं SSP रजनेश सिंह ने कहा कि किसी भी विवाद या अफवाह की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें।

पत्नी के नाम प्रधानमंत्री आवास की राशि निकालने का आरोप, रोजगार सहायक बर्खास्त

बिलासपुर। जनपद पंचायत कोटा के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनचरा में वित्तीय अनियमितता के मामले में ग्राम रोजगार सहायक राजेंद्र पटेल की सेवा समाप्त कर दी गई है।

जांच में उन पर कुल 1 लाख 43 हजार 490 रुपए की वित्तीय अनियमितता का आरोप सही पाया गया। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पत्नी के नाम से 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि निकाली गई। इसके अलावा मनरेगा में बिना काम कराए फर्जी हाजिरी दर्ज कर 23 हजार 490 रुपए का मजदूरी भुगतान किए जाने का मामला भी सामने आया।

प्रशासन के अनुसार, शिकायत के आधार पर की गई जांच में दोनों आरोप सही पाए गए। कई स्तर पर कारण बताओ नोटिस और अंतिम सुनवाई का अवसर दिए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब या बचाव में साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए।

कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक की स्वीकृति के बाद जिला पंचायत CEO संदीप अग्रवाल ने 3 सितंबर 2026 को कार्रवाई के निर्देश जारी किए। इसके बाद जनपद पंचायत कोटा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने रोजगार सहायक की सेवा समाप्त कर दी। प्रशासन ने संबंधित राशि की वसूली के भी निर्देश दिए हैं।

बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का धरना

लोरमी। प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने लोरमी विकासखंड के चार सब स्टेशनों में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।

ब्लॉक अध्यक्ष लल्ला सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिजली दरों में वृद्धि से आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने का आरोप लगाया।

पूर्व जनपद अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने विद्युत शुल्क अधिभार में वृद्धि का विरोध करते हुए उपभोक्ताओं को राहत देने वाली पूर्ववर्ती बिजली बिल हाफ योजना का मुद्दा उठाया। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच और उपभोक्ताओं की शिकायतों के तत्काल निराकरण की मांग भी की।

जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डिंडोरी ने भी खुड़िया सब स्टेशन में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

कुदरी बैराज के 13 गेट खुले, तटवर्ती गांवों में अलर्ट

जांजगीर-चांपा। लगातार बारिश के कारण बांगो बांध का जलस्तर करीब 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए बांध के पांच गेट खोले गए हैं, जिससे हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है।

जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुदरी स्थित हसदेव नदी के बैराज के 13 गेट खोल दिए गए हैं। नदी के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण पानी की आवक बढ़ रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं।

बांगो बांध से करीब 26 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हसदेव नदी के तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदी के करीब नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

बाइक छोड़ने से मना करने पर युवक पर जानलेवा हमला

बिलासपुर। शहर के तेलीपारा क्षेत्र स्थित दरबार लॉज के पास एक आदतन बदमाश ने बाइक छोड़ने से मना करने पर युवक के सिर पर डंडे से हमला कर दिया।

हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

मारपीट की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और इसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नवजात को बोरी में भरकर अपार्टमेंट के सामने छोड़ा

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के भदरापारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवजात बच्ची को बोरी में भरकर अपार्टमेंट के सामने छोड़ दिया गया।

गुरुवार सुबह करीब 7 बजे लोगों को नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। आसपास तलाश करने पर अपार्टमेंट के सामने रखी एक बोरी से रोने की आवाज आती मिली। लोगों ने बोरी खोलकर देखा तो उसके अंदर करीब आठ माह की नवजात बच्ची मिली।

सूचना मिलने पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बच्ची को एसएनसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार की जानकारी सामने आई है और उसे आगे सघन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही बाल कल्याण समिति (CWC) को भी मामले की जानकारी दी जाएगी।