बिलासपुर। बिलासपुर जिले ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन में राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल के मार्गदर्शन में अब तक 40,452 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2024-26 तक 71,435 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 30,983 निर्माणाधीन हैं। जनपद पंचायत बिल्हा, कोटा, मस्तूरी और तखतपुर में बड़ी संख्या में आवास पूरे हुए हैं। प्रशासन ने 30 जून 2026 तक सभी अपूर्ण आवास पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है।
सरकारी नौकरी का झांसा, युवतियों से ठगी
बिलासपुर में सरकारी नौकरी लगाने का लालच देकर युवतियों से ठगी का मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में युवतियों से 19,500 रुपये तक नगद व ऑनलाइन रकम लेकर कथित ट्रेनिंग सेंटर बुलाया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
9 लाख लेकर फरार मुंशी पर FIR
बिल्हा थाना क्षेत्र में राइस मिल के मुंशी ने 360 क्विंटल धान बेचकर करीब 9 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। ग्राम कुंआपाली स्थित महावीर एग्रो इंडस्ट्रीज में कार्यरत मुंशी ने बिना संचालक की जानकारी के डीओ जारी कर धान उठाया और बेच दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड समेत 5 फैक्ट्रियों पर जुर्माना
रायगढ़। रायगढ़ में औद्योगिक सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रशासन ने पांच कारखानों पर कार्रवाई की है। जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड पर 70 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इसके अलावा एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड और आर.एस. इस्पात रायगढ़ प्राइवेट लिमिटेड पर भी विभिन्न धाराओं के तहत 1.40 लाख से 1.60 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है।
चोरी मामले में मां-बेटा गिरफ्तार
कोरबा। कोरबा पुलिस ने चोरी के मामले में मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। 6 फरवरी को मानिकपुर क्षेत्र में सूने मकान से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी की गई थी। जांच में पता चला कि आभूषण “मधुर फाइनेंस” में गिरवी रखे गए थे। पुलिस ने करीब 11,11,000 रुपये मूल्य के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





