July 23, 2026

Bilaspur News Update | रिटायर्ड TI ने की आत्महत्या, अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, नशीली टैबलेट के साथ आरोपी पकड़ा; पढ़ें बिलासपुर की बड़ी खबरें

बिलासपुर। जिले में गुरुवार को कई अहम घटनाक्रम सामने आए। सरकंडा में एक रिटायर्ड थाना प्रभारी (TI) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि रेलवे अधिकारियों के सूने बंगलों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो अंतरराज्यीय चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं नशीली टैबलेट के साथ एक आरोपी पकड़ा गया है और रतनपुर पुलिस ने लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया।

रिटायर्ड TI ने घर में लगाई फांसी

सरकंडा थाना क्षेत्र के बंगालीपारा चटर्जी गली में रिटायर्ड टीआई सीताराम गुप्ता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन घर में ही मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रेलवे कॉलोनी में चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार

तारबाहर पुलिस ने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के सूने बंगलों की रेकी कर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद नासिर (नई दिल्ली) और हासिम (मेरठ) को दुर्ग जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में चोरी के दर्जनों मामले दर्ज हैं।

55 नशीली टैबलेट के साथ युवक गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस ने ज्वाली नाला के पास कार्रवाई करते हुए निकेश कौशिक उर्फ वासू को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 55 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट, एक पल्सर बाइक और नकदी बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस पूरे नशा नेटवर्क की जांच में जुटी है।

लूटकांड का कुछ घंटों में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

रतनपुर पुलिस ने रतनपुर-कोटा मार्ग पर हुई दो लूट की वारदातों का कुछ ही घंटों में खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,300 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिलें और वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजा सारथी, शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते शामिल हैं।

केंद्रीय टीम ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण

भारत सरकार के संयुक्त सचिव (वित्त) पवनेश कुमार शर्मा और अवर सचिव राहुल कुमार श्रीवास्तव ने बिल्हा और कोटा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वीबी-जीरामजी योजना, प्रोजेक्ट उन्नति तथा जल संरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल रिकॉर्ड का सत्यापन कर योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।