बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और आसपास के जिलों में अलग-अलग घटनाओं में हादसे, अपराध और प्रशासनिक कार्रवाई की खबरें सामने आई हैं। सीपत थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं सक्ती में महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा रायगढ़ में पुलिस के विशेष अभियान में 246 वारंटों की तामिली की गई।
बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे बुजुर्ग की मौत
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम ऊनी में दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग घासीराम राज की मौत हो गई। वह अपनी बेटी की 30 मार्च को होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर साथियों के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घासीराम राज को गंभीर हालत में पीएचसी सीपत ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
सक्ती थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने वाले आरोपी अजय पटेल (29) को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला को धमकी दी थी कि घटना की जानकारी देने पर उसके पति और बच्चों को जान से मार देगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ऑपरेशन तलाश में 246 वारंटों की तामिली
रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 10 से 15 मार्च के बीच चलाए गए अभियान में 141 स्थायी वारंट और 105 गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए कुल 246 वारंटों का निष्पादन किया गया। इस दौरान उड़ीसा के दो शातिर वारंटी दशरथ विश्वाल और सरोज बेहरा को भी गिरफ्तार किया गया।
झाड़-फूंक के बहाने चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कुकदा में झाड़-फूंक के बहाने घर से करीब 60 हजार रुपये नकद और जेवर चोरी करने के मामले में दो साल से फरार महिला झुनिया बाई उर्फ शांति बाई (55) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा और स्कूल निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बरमकेला स्थित पीएमश्री आत्मानंद स्कूल में 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं और स्कूल निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
आकाशीय बिजली गिरने से वार्ड पंच की मौत
जशपुर जिले के ग्राम पंचायत चम्पा में रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से वार्ड क्रमांक 16 की पंच जासिंता पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
होटलों-ढाबों पर छापा, 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र में खाद्य विभाग ने होटलों और ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 घरेलू गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, प्रेशर रेगुलेटर और पाइप जब्त किए हैं। विभाग ने कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





