बिलासपुर।
Bilaspur में सड़क पर आतिशबाजी कर बर्थडे सेलिब्रेशन करना युवाओं को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सरकंडा पुलिस ने चार युवक-युवतियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अशोक नगर निवासी एक ड्राइवर की शिकायत पर कार्रवाई की गई। 21 फरवरी की रात कोनी रोड स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास युवाओं ने बुलेट (CG 04 SU 0562) और स्कूटी (CG 10 AC 6822) सड़क के बीच खड़ी कर केक काटा और आतिशबाजी की। इससे यातायात बाधित हुआ और दुर्घटना की आशंका बनी रही। पुलिस ने आरोपियों को थाने लाकर यातायात बाधित करने और लापरवाही की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
3 साल में 708 सरकारी जमीन कब्जे के मामले
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने विधानसभा में जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों का मुद्दा उठाया।
राजस्व मंत्री Tank Ram Verma ने बताया कि 2023-24 से अब तक कुल 708 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 695 राजस्व विभाग और 13 नगरीय प्रशासन विभाग से जुड़ी हैं।
6 मामलों में सीधे कॉलोनाइजर के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। कई मामलों में बेदखली आदेश जारी किए गए हैं और गंभीर मामलों में न्यायालयीन कार्रवाई की गई है।
बिना अनुमति निर्माण पर निगम की कार्रवाई
साइंस कॉलेज सीपत रोड क्षेत्र में नगर निगम ने बिना अनुमति बनाई जा रही 5 दुकानों को सील कर दिया। निर्माणकर्ता शहनवाज बटलर को 3 और 17 फरवरी को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
निगम ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अरपा भैंसाझार परियोजना में 23.46 करोड़ की अनियमितता
बिल्हा विधायक Dharamlal Kaushik ने अरपा भैंसाझार परियोजना में कथित 23.46 करोड़ रुपए के फर्जी भुगतान का मामला सदन में उठाया।
मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि मामले की जांच ईओडब्ल्यू द्वारा की जा रही है और 16 जुलाई 2025 को प्रारंभिक जांच दर्ज की जा चुकी है।
विधायक कौशिक ने आरोप लगाया कि परियोजना में पूर्व सरकार के दौरान भारी अनियमितताएं हुईं और दोषियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की।
नाबालिग से दुष्कर्म आरोपी 3 घंटे में गिरफ्तार
Janjgir जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी विजय केंवट को पुलिस ने एफआईआर के तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने का आरोप है।
एसपी विजय पांडे के निर्देश पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
जिला अस्पताल में ऑनलाइन ओपीडी पंजीयन शुरू
Mungeli जिला अस्पताल में अब ‘आभा’ ऐप के जरिए ऑनलाइन ओपीडी पंजीयन की सुविधा शुरू की गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा विकसित इस ऐप से मरीज घर बैठे रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। प्रत्येक मरीज को 14 अंकों का यूनिक डिजिटल आईडी मिलेगा, जिसमें स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि इससे इलाज प्रक्रिया अधिक सटीक और तेज होगी।
कोरबा में 22 वारंटियों की गिरफ्तारी
Korba पुलिस ने ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत 22 वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में एक स्थाई वारंटी भी शामिल है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।





