July 29, 2026

कबीरधाम के मुड़वाही गांव में मलेरिया का प्रकोप, 35 संक्रमित मिले; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कांकेर के बाद अब कबीरधाम जिले में भी मलेरिया के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बारिश के मौसम के बीच बोड़ला विकासखंड के मुड़वाही गांव में पिछले करीब 15 दिनों से मलेरिया का प्रकोप बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर लगातार जांच व उपचार किया जा रहा है। अब तक 1,270 से अधिक ग्रामीणों की जांच में 35 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है, जिनमें करीब छह बच्चे भी शामिल हैं। संक्रमित मरीजों में से 20 का इलाज झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, हाल के दिनों में गांव में अलग-अलग बीमारियों के कारण तीन लोगों की मौत भी हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों का कारण मलेरिया होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुड़वाही गांव में हर वर्ष बारिश के दौरान मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार कैंप लगाकर मरीजों की जांच और उपचार कर रही है। इसके साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों की नियमित सफाई करने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा उबालकर पानी पीने के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

बोड़ला के बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बड़े स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान 35 मलेरिया संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें से 20 का इलाज झलमला सीएचसी में जारी है। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और स्वास्थ्य विभाग गांव में उपचार, दवा वितरण तथा निगरानी का कार्य लगातार कर रहा है।