July 29, 2026

रायपुर में बाइक पर स्टंट और अश्लील रील बनाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई

रायपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट और अशोभनीय हरकतें करना राजधानी रायपुर के एक युवक को महंगा पड़ गया। बाइक पर युवती के साथ बॉलीवुड गाने पर स्टंटबाजी और अश्लील रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई है।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक और युवती बिना हेलमेट पहने सार्वजनिक सड़क पर बाइक चलाते हुए खतरनाक स्टंट और अशोभनीय हरकतें करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।

जांच के दौरान बाइक चालक की पहचान मठपुरैना निवासी भीमेश देवांगन (24 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में वीडियो में प्रदर्शित कृत्य को सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की श्रेणी में पाया गया।

इसके बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही उसे भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की चेतावनी देते हुए माफी भी मंगवाई गई।

पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर कानून का उल्लंघन, खतरनाक स्टंट या अशोभनीय हरकतें न करें। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।