बिलासपुर। बिलासपुर संभाग में मंगलवार को रेल, कानून-व्यवस्था और प्रशासन से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आईं। करगीरोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। वहीं कोरबा में गौ तस्करी के शक में पिकअप चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इसके अलावा सूने मकान में लाखों की चोरी और रायगढ़ में चार औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
करगीरोड स्टेशन पर मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे
पेंड्रारोड से बिलासपुर आ रही खाली मालगाड़ी के तीन डिब्बे सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे करगीरोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रेलवे इंजीनियरिंग विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद डिब्बों को हटाकर देर शाम तक ट्रैक को दुरुस्त कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा मिला है। आशंका है कि निर्माण कार्य के दौरान गिरा बकेट ट्रैक पर आ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि, वास्तविक कारण रेलवे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
गणेश नगर में आज पानी की सप्लाई रहेगी प्रभावित
बिलासपुर नगर निगम द्वारा गणेश नगर स्थित पानी टंकी की सफाई मंगलवार को की जाएगी। इसके चलते गणेश नगर, अन्नपूर्णा कॉलोनी, नयापारा सहित आसपास के क्षेत्रों में शाम की पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।
गौ तस्करी के शक में पिकअप चालक से मारपीट
कोरबा जिले में गौ तस्करी के संदेह में कुछ युवकों ने एक पिकअप चालक के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। पीड़ित चालक सोनू शर्मा जशपुर से एक शिक्षक का घरेलू सामान लेकर बालको लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवकों ने वाहन रोककर तलाशी ली और खुद को एक संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए चालक की बेल्ट, रॉड, पत्थर और मुक्कों से पिटाई कर दी।
आरोपियों ने कथित तौर पर चालक पर दबाव बनाकर वीडियो भी बनाया और मौके से फरार हो गए। घायल चालक किसी तरह थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार बढ़ रही हैं ऐसी घटनाएं
कोरबा जिले में गौ सेवकों की आड़ में वाहन चालकों के साथ मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में ट्रेलर चालकों के साथ मारपीट के बाद अब पिकअप चालक के साथ हुई घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूने मकान से दो लाख नकद और जेवर चोरी
कोरबा के बुधवारी बस्ती में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये नकद, सोने के जेवर, एक बाइक और एक स्कूटी चोरी कर ली। परिवार शादी समारोह में शामिल होने बिहार गया हुआ था। लौटने पर घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
चार औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर 8 लाख का जुर्माना
रायगढ़ जिले में कारखाना अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने पर श्रम न्यायालय ने चार औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर कुल 8 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया है।
जुर्माना लगाए गए प्रमुख उद्योग:
- एन.आर. इस्पात एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड – ₹1 लाख
- जिंदल पावर लिमिटेड – ₹3 लाख
- मित्तल स्टोन क्रशर – ₹1.50 लाख
- अंजनी स्टील लिमिटेड – दो मामलों में कुल ₹2.50 लाख
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अनुसार यह कार्रवाई कारखानों में सुरक्षा मानकों और श्रम कानूनों के प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।





