पेण्ड्रा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की होनहार छात्रा उर्मिला बैगा की आगे की पढ़ाई अब नहीं रुकेगी। ग्राम डाहीबहरा निवासी उर्मिला को पीएम श्री सेजेस हिंदी माध्यम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पेण्ड्रा में कक्षा 11वीं में प्रवेश दिलाया गया है। साथ ही पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में भी उनका प्रवेश कराया गया।
उर्मिला ने हाई स्कूल अंधियारखोह से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल नहीं होने और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इसकी जानकारी प्राचार्य मोनिका जैन को मिली, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी के मार्गदर्शन में उर्मिला को पेण्ड्रा लाकर दाखिला दिलाया गया।
प्रवेश शुल्क मोनिका जैन ने वहन किया, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने ड्रेस, ब्राउजर, किताबें, कॉपियां और जूते उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए।
पारिवारिक विवाद में बड़े भाई की हत्या
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना में पारिवारिक विवाद के बाद बड़े भाई की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार दो भाइयों के बीच विवाद के दौरान छोटे भाई सुदर्शन कुर्रे ने कथित तौर पर सब्बल से बड़े भाई सुभाष कुर्रे पर हमला कर दिया।
बताया गया कि सुदर्शन अपने भांजे से गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था। बड़े भाई सुभाष ने उसे रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सुदर्शन ने सब्बल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष की मौत हो गई। घटना के वक्त दोनों भाइयों के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रांसफार्मर के पैनल बोर्ड में चिपका मिला युवक, करंट से मौत
जांजगीर-चांपा। कोसमंदा निवासी 20 वर्षीय प्रहलाद करियारे घर से रायगढ़ काम करने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। परिवार उसकी तलाश कर रहा था। इसी बीच 27 अगस्त को पुराना जिला अस्पताल के पास ट्रांसफार्मर के खुले पैनल बोर्ड में एक युवक के करंट की चपेट में आने की सूचना पुलिस को मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मृत पाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी गई। युवक जिस तरह पैनल बोर्ड में मिला, उससे पुलिस आत्महत्या की आशंका समेत अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।
दंपत्ति से सरेआम मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर दंपत्ति से मारपीट का मामला सामने आया है। गणेश अस्पताल के पास युवकों ने पति के साथ लाठी-डंडे और बेल्ट से मारपीट की। पति को बचाने पहुंची पत्नी को भी आरोपियों ने पीट दिया।
हमले में दोनों को सिर और हाथ में चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। शिकायत के बाद सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर विनित श्रीवास और किशन ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
फसल चराने के विवाद में युवक की हत्या, 4 गिरफ्तार; नाबालिग हिरासत में
बिलासपुर। खेत की फसल चराने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने राजू निर्मलकर को जबरन कीटनाशक पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना 27 अगस्त को ग्राम मुरू-खरकेना मार्ग पर हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने गोलू उर्फ जगजीवन पठारी, मनमोहन पठारी, संदीप यादव और राकेश निर्मलकर को गिरफ्तार किया। गोलू की निशानदेही पर झाड़ियों से कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद किया गया है। हिर्री पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की है।





