बिलासपुर। बिलासपुर जिले में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी और दुकान चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कोटा क्षेत्र में एक रिटायर्ड शिक्षक से 9 लाख रुपये की ठगी का मामला भी सामने आया है।
‘सशक्त’ ऐप से पकड़े गए वाहन चोर, 5 बाइक बरामद
सरकंडा पुलिस ने ‘सशक्त’ ऐप की मदद से चोरी की एक एक्टिवा को ट्रेस कर दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में वर्ष 2025-26 के दौरान हुई कई वाहन चोरियों का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने चोरी के वाहन खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दुकान चोरी का खुलासा, 2 नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
सीपत थाना पुलिस ने ग्राम मचखंडा स्थित मोबाइल और किराना दुकान में हुई 25 हजार रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी सूर्यप्रकाश सूर्यवंशी के साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है, जिसमें मोबाइल फोन, ब्लूटूथ स्पीकर, ईयरबड्स, परफ्यूम और सिगरेट शामिल हैं। आरोपियों ने 26 जून की रात दुकान की खिड़की से घुसकर वारदात को अंजाम दिया था।
रिटायर्ड शिक्षक से 9 लाख रुपये की ठगी
कोटा थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने जमीन समतल कराने का झांसा देकर नकदी ली और बाइक से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





