July 23, 2026

Bilaspur News Update: नाले में बहने से वृद्धा की मौत, जलभराव से 7 मेमू ट्रेनें रद्द, रायगढ़ में आकाशीय बिजली से महिला की मौत

बिलासपुर। बिलासपुर संभाग में लगातार बारिश का असर जनजीवन और रेल यातायात पर देखने को मिल रहा है। लिंगियाडीह में नाले में बहने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, वहीं रेलवे स्टेशन और यार्ड में जलभराव के कारण सात मेमू ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। दूसरी ओर कोरबा में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की तैयारियां पूरी हो गई हैं, जांजगीर-चांपा में आज विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा और रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

नाले में बहने से वृद्ध महिला की मौत

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगियाडीह एफसीआई गोदाम नाले में बहने से 65 वर्षीय प्रमिला बाई की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह शीला पार्क टावर के पास नाले किनारे झाड़ियों में उनका शव मिला। पुलिस के अनुसार, तेज बारिश के दौरान वह नाले में बह गई थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों की जांच जारी है।

जलभराव से रेलवे संचालन प्रभावित, 7 मेमू ट्रेनें रद्द

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर स्टेशन और यार्ड में भारी जलभराव के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो गया। रेलवे प्रशासन ने सात मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया, जबकि कई ट्रेनों को बीच रास्ते में समाप्त या परिवर्तित मार्ग से संचालित किया गया। हालांकि, एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन जारी रहा, लेकिन कई ट्रेनों को आउटर पर रोककर बाद में सावधानीपूर्वक स्टेशन तक लाया गया।

कोरबा: आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

कोरबा के रिस्दी में 19 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। यात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के रथ का नगर भ्रमण कराया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

जांजगीर-चांपा: चेक बाउंस मामलों के लिए विशेष लोक अदालत

जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर-चांपा सहित जिले की विभिन्न अदालतों में आज चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लंबित मामलों के पक्षकारों से आपसी सहमति के आधार पर विवादों का समाधान कराने की अपील की है।

रायगढ़: आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में जंगल में मशरूम (पुटू) लेने गई 55 वर्षीय प्रभा एक्का की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।