March 3, 2026

Surguja News Update :  सड़क हादसे और करंट से दो युवकों की मौत; अवैध रेत पर कार्रवाई, नई गाइडलाइन दरें लागू

सड़क हादसे में युवक की मौत

अंबिकापुर। अंबिकापुर के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परमेश्वरपुर निवासी छोटू बेक (30) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह बाइक से बैकुंठपुर काम पर जा रहा था, तभी हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल बैकुंठपुर से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

करंट की चपेट में युवक की जान गई

प्रेमनगर। प्रेमनगर क्षेत्र में लहसुन की फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक नर्मदा प्रसाद राजवाड़े की मौत हो गई। बताया गया कि खेत की घेराबंदी के लिए सीधे विद्युत फेज तार से कनेक्शन जोड़ दिया गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती

अंबिकापुर। अंबिकापुर जिले के लखनपुर और उदयपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक 16 प्रकरण दर्ज कर 2,70,576 रुपये की वसूली की गई है।

जिला खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत खदानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

नई गाइडलाइन दरें 2 मार्च से लागू

अंबिकापुर। राज्य शासन द्वारा संपत्ति पंजीयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के तहत सरगुजा जिले में नई गाइडलाइन दरें 2 मार्च 2026 से प्रभावशील हो गई हैं। केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड ने जिला मूल्यांकन समिति के प्रस्तावों को अनुमोदित किया है। नागरिक नई दरों की जानकारी जिला पंजीयन कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।

16 राजस्व निरीक्षकों का तबादला

अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रशासनिक कसावट के उद्देश्य से जिले में पदस्थ 16 राजस्व निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

हर घर शुद्ध पानी की दिशा में पहल

एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ विकासखंड के ग्राम नौगाई में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने व्यापक मरम्मत कार्य जारी है। पाइपलाइन सुधार, जल स्रोत सुरक्षा और तकनीकी उन्नयन पर जोर दिया जा रहा है।

कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को हर घर शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है।