May 15, 2026

बिलासपुर अपडेट: व्यापमं परीक्षा आज, परशुराम जयंती शोभायात्रा, सूखती नदी से बढ़ा जल संकट

बिलासपुर/जांजगीर-चांपा/मुंगेली/रायगढ़:
छत्तीसगढ़ व्यापमं की परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा आज 19 अप्रैल को आयोजित होगी। जांजगीर-चांपा जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6664 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले पहुंचना होगा, जबकि 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। ड्रेस कोड और सुरक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन अनिवार्य होगा।

इधर, करगीरोड कोटा में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर आज शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। रेलवे स्टेशन से शिव मंदिर नाका चौक तक निकलने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।

लोरमी क्षेत्र में भीषण गर्मी के चलते आगर नदी पूरी तरह सूख गई है, जिससे ग्रामीणों और मवेशियों के सामने जल संकट गहरा गया है। कई हैंडपंपों का जलस्तर नीचे चला गया है और तालाब भी सूखने लगे हैं। ग्रामीणों ने खुड़िया जलाशय से पानी छोड़ने की मांग की है।

मुंगेली जिले में कृषि केंद्रों की जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने किसानों को निर्धारित दर पर ही खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

वहीं रायगढ़ में जमीन विवाद में पिता की हत्या करने वाले आरोपी को न्यायालय ने दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये की क्षतिपूर्ति देने की भी अनुशंसा की है।