May 15, 2026

बिलासपुर में महिला जनसुनवाई आज, ट्रेन बदले मार्ग से, अपराध व प्रशासनिक सख्ती के बीच कई बड़ी घटनाएं

बिलासपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 29 अप्रैल को विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर करेंगी।

कार्यक्रम का पहला सत्र सुबह 10 बजे स्वर्गीय लखीराम ऑडिटोरियम (कंपनी गार्डन के पास) में आयोजित होगा, जहां महिला सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण, और महिला सशक्तिकरण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कलेक्टोरेट स्थित मंथन मीटिंग हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में महिला अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था की स्थिति और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। दोपहर 1 बजे जल संसाधन विभाग परिसर में महिला जनसुनवाई होगी, जहां आम नागरिक अपनी शिकायतें सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगे।

सारनाथ एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत चलने वाली दुर्ग-छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस 29 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही है। दुर्ग से चलने वाली ट्रेन मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, जिवनाथपुर, वाराणसी, जौनपुर और औड़िहार होते हुए छपरा पहुंचेगी। वहीं वापसी में भी यही मार्ग अपनाया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें।

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी लक्की निषाद को रायपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

नाली विवाद में जानलेवा हमला, 10 आरोपी गिरफ्तार
सरकंडा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब नाली में पेशाब करने की बात को लेकर 10 लोगों ने एक युवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 3 वयस्क आरोपियों के साथ 7 अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए गए हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एलपीजी कालाबाजारी रोकने सख्ती
मुंगेली में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। राजस्व, खाद्य और नापतौल विभाग की संयुक्त टीम गठित कर दी गई है, जो जिलेभर में गैस एजेंसियों की जांच करेगी। गोदामों में उपलब्ध सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन और ऑनलाइन स्टॉक का मिलान किया जाएगा। अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

सीलबंद शराब में काकरोच मिलने से हड़कंप
लोरमी में सीलबंद देशी शराब की बोतल में काकरोच मिलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। एक ग्राहक शादी समारोह के लिए शराब ले जा रहा था, तभी बोतल में कीड़ा नजर आया। इस घटना ने गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

भीषण गर्मी में पशुओं के उपयोग पर प्रतिबंध
जांजगीर-चांपा जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पशुओं के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश पशुओं पर क्रूरता निवारण नियम 1965 के तहत जारी किया गया है। प्रशासन ने उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

एटीएम चोरी की कोशिश नाकाम, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में गेरवानी चौक के पास एक आरोपी गैस कटर से एटीएम मशीन तोड़कर चोरी की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पंकज कुमार पासवान को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से गैस कटर और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। इस घटना में एटीएम मशीन को करीब 3.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

इस साहसिक कार्रवाई के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए संबंधित जवानों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।