तिफरा में युवकों की सरेराह मारपीट, वीडियो वायरल
बिलासपुर। न्यायधानी के तिफरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक सरेराह एक-दूसरे के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक लात-मुक्कों से एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
SECL के रिटायर्ड अधिकारी से सोलर पैनल के नाम पर 4.5 लाख की ठगी
बिलासपुर में SECL के एक सेवानिवृत्त अधिकारी से सोलर पैनल लगाने के नाम पर करीब साढ़े 4 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रिटायर्ड अधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि भुगतान लेने के बावजूद सोलर पैनल नहीं लगाया गया।
शिकायत के बाद सरकंडा थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए ठगी से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। तोरवा थाना, GRP और RPF की संयुक्त टीम ने साउथ बिहार एक्सप्रेस में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों और उनके सामान की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस को बाबा धाम, देवघर से हथियार लाकर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई गई है। शहर के बस स्टैंड समेत संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की सघन जांच जारी है।
चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
शहर के पचरी घाट के पास चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक लहरे के रूप में हुई है। आरोप है कि वह आने-जाने वाले लोगों को धारदार चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद किया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अड्डेबाजी और नशाखोरी के खिलाफ कार्रवाई, 7 गिरफ्तार
बिलासपुर शहर में अशांति फैलाने, अड्डेबाजी और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से सात आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई राम मंदिर चौक तिफरा, शिव विहार कॉलोनी, चुचुहियापारा और शांति नगर समेत अन्य इलाकों में की गई। SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने चिन्हित अड्डेबाजी वाले स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
कोयला गुणवत्ता में गड़बड़ी, तीन महीने से फरार वाहन मालिक गिरफ्तार
कोयले की गुणवत्ता में कथित गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने तीन महीने से फरार चल रहे वाहन मालिक सहदेव साहू को गिरफ्तार किया है। मामला संदिग्ध गुणवत्ता वाले कोयले की सप्लाई से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार SECL रामपुर खदान से G-6 गुणवत्ता का कोयला ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड, डिघोरा भेजा गया था। प्लांट में जांच के दौरान कोयले की GCV गुणवत्ता 4203 और 4220 पाई गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 04 HX 4888 के मालिक सहदेव साहू की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद हिर्री पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में BNS की धारा 316(3), 317(2), 317(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।





