बिलासपुर। डिजिटल दुनिया में फर्जीवाड़े के मामले बढ़ते जा रहे हैं और लोग आसानी से इसका शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला तारबाहर, बिलासपुर में सामने आया, जहां एक युवक ने ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर कई महीनों तक राशन मंगवाया।
व्यापारी संदीप अग्रहरि को आरोपी राजेंद्र खांडेकर (32) ने ‘अक्षांश किराना भंडार’ के नाम से माल मंगवाया। नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच उसने बार-बार ऑर्डर दिए और भुगतान के समय मोबाइल पर फर्जी स्क्रीनशॉट भेजते रहे।
पाँच महीने बाद खातों का मिलान करने पर पता चला कि 17 लाख 84 हजार रुपए का भुगतान हुआ ही नहीं है।
शिकायत के बाद तारबाहर थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम ने सारंगढ़ के भटगांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने फर्जी स्क्रीनशॉट बनाकर ठगी करने की बात स्वीकार की।





