बिलासपुर, 06 फरवरी 2026:
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जागृत करने, परीक्षा के तनाव को दूर करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के उद्देश्य से परीक्षा पे चर्चा-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के शासकीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय टांडे, जिला मिशन समन्वयक श्री ओम पांडेय, समग्र शिक्षा के सभी सहायक परियोजना समन्वयक (एपीसी), विकासखंड शिक्षा अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परीक्षा पे चर्चा का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें परीक्षा को जीवन का उत्सव मानने और तनावमुक्त तैयारी करने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में संतुलन, सीमित संसाधनों में सफलता, खेल और शिक्षा का सामंजस्य, और तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सकारात्मक उपयोग जैसे विषयों पर प्रेरक और सरल सुझाव साझा किए।
प्रधानमंत्री के संवाद ने विद्यार्थियों में भय और दबाव को दूर कर आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रवाल ने कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है।
छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरक बताया और इसे अपने शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन के लिए मार्गदर्शक अनुभव किया।




