बिलासपुर। अरपा-पार सरकंडा क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह अब सामने आई है। यहां के 6 प्रमुख जाम पॉइंट्स पर बड़े प्रतिष्ठानों द्वारा पार्किंग का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़कें ही पार्किंग जोन में तब्दील हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, कई व्यवसायिक प्रतिष्ठान अपनी निर्धारित पार्किंग का उपयोग वाहनों के लिए न कर उसे गोदाम और सर्विसिंग सेंटर के रूप में चला रहे हैं। इसके चलते ग्राहक मजबूरन सड़क पर ही वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे लगातार जाम की स्थिति बन रही है।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए डी-मार्ट गेट के पास सड़क की ओर बढ़ाए गए अवैध लोहे के ग्रिल को हटाया। साथ ही डी-मार्ट प्रबंधन को 48 घंटे के भीतर नक्शे के अनुरूप बाउंड्रीवॉल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम की टीम ने सरकंडा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ‘मौसाजी स्वीट्स’, ‘पुष्पेंद्र साहू की दुकान’ और ‘रॉयल स्वीट्स’ की पार्किंग को सील कर दिया। जांच में पाया गया कि मौसाजी स्वीट्स की पार्किंग को पूरी तरह सर्विस सेंटर और गोदाम में बदल दिया गया था, जहां नई बाइक खड़ी कर उनकी सर्विसिंग की जा रही थी।
इसी तरह साइंस कॉलेज के पास स्थित पुष्पेंद्र साहू की बिल्डिंग में पार्किंग स्थल को कोचिंग संस्थान को किराए पर दे दिया गया था। वहीं वसंत विहार चौक स्थित रॉयल स्वीट्स में भी पार्किंग का उपयोग गोदाम के रूप में किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, आशीष पांडेय, जुगल किशोर, अरुण यादव, संतोष वर्मा और शिव बहादुर जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निगम अधिकारियों के अनुसार, पार्किंग स्थलों के दुरुपयोग के कारण सड़कों पर वाहनों की कतार लग रही है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।





