बिलासपुर। ग्राम पेंडरवा में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां तलवार से हुए हमले में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास ने मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास को हिंसा के लिए उकसाया था। इस आधार पर पुलिस ने सुरेश श्रीवास के साथ-साथ पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास को भी गिरफ्तार कर लिया है।
कोटा एसडीओपी नुपूर उपाध्याय के अनुसार, सुरेश श्रीवास (46) अपने दो पुत्रों के साथ थाना रतनपुर पहुंचा था, जहां घायल पक्ष ने उस पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी सुरेश श्रीवास अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच अवैध संबंध के शक को लेकर पहले से विवाद करता रहा था। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने तलवार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई मुराद बेगम (65) पर आरोपी ने जानलेवा वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में परिवार के 6 अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
पुलिस ने मामले में सुरेश श्रीवास, उमेश श्रीवास और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जो इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटा रही है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह बदला लेने की नीयत से अपने पुत्रों के साथ हथियार लेकर पहुंचा था। वहीं जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व सरपंच ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते उसे उकसाया था। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





