July 23, 2026

बिलासपुर पेट्रोल पंप पर छात्रों के बीच मारपीट, CCTV वायरल; तीन नाबालिगों पर केस दर्ज

बिलासपुर।

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के तारबहार थाना क्षेत्र स्थित अंबा पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगने और कथित टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में स्कूल ड्रेस पहने दो नाबालिगों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर दो छात्रों की जमकर पिटाई कर दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्र पेट्रोल भरवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लाइन में लगने और कथित कमेंट को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि तीन युवकों ने छात्रों पर हमला कर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद पीड़ित छात्रों ने तारबहार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।