बिलासपुर: Bilaspur पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 648 लापता लोगों को ढूंढ निकाला, जिनमें 69 अपहृत बच्चे और 579 वयस्क शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Rajnesh Singh के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया गया। बरामद बच्चों में 11 लड़के और 58 लड़कियां शामिल हैं, जबकि वयस्कों में 430 महिलाएं और 149 पुरुष शामिल हैं।

पुलिस टीमों ने राज्य के भीतर ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान महाराष्ट्र से 2 बालिकाओं और ओडिशा से 1 बालिका को सकुशल बरामद किया गया। अलग-अलग राज्यों में टीमें भेजकर यह कार्रवाई अंजाम दी गई।

इस अभियान के तहत बिलासपुर जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में 69 बच्चों की बरामदगी के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि ‘ऑपरेशन तलाश’ में 579 वयस्कों को ढूंढकर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ कई परिवारों को राहत मिली है, बल्कि मानव तस्करी और अपहरण जैसे अपराधों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिली है।





