बिलासपुर। शहर में एक बार फिर कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित लायंस क्लब भवन के पास आयोजित एक प्रार्थना सभा में उस समय हंगामा मच गया, जब हिंदू संगठनों ने सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तथा कार्यक्रम का विरोध करते हुए पुलिस को शिकायत दी।
मामले की जानकारी मिलने पर तारबाहर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना सभा के माध्यम से भोले-भाले लोगों को बीमारी ठीक करने, बच्चों का स्कूल में दाखिला दिलाने, नशे की लत छुड़ाने और अन्य समस्याओं के समाधान का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। संगठनों ने इसे सुनियोजित धर्मांतरण का प्रयास बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभा में शामिल लोगों से पूछताछ कर सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।





