July 23, 2026

पीएससी की तैयारी कर रही छात्रा की आत्महत्या मामले में प्रेमी गिरफ्तार, दूसरी युवती से बातचीत को लेकर था विवाद

बिलासपुर में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि प्रेमी द्वारा दूसरी युवती से बातचीत किए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद से आहत होकर छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाया था।

पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला सोनसरी निवासी आयूषी कुर्रे उर्फ खुशी बिलासपुर के जरहाभाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 20 मार्च 2026 को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आयूषी का मुलमुला सोनसरी निवासी दीपक खाण्डे के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन शाम करीब छह बजे दीपक छात्रा के कमरे से निकला था। इसके बाद आयूषी लगातार उसे मोबाइल फोन कर रही थी, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दीपक खाण्डे किसी अन्य युवती से बातचीत कर रहा था। इसे लेकर आयूषी और दीपक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी बात से मानसिक रूप से आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली।

मामले की जांच पूरी होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार खाण्डे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।