July 31, 2026

बिलासपुर-रायगढ़ न्यूज अपडेट : बीड़ी पीते समय कुएं में गिरा युवक, मौत… रेलवे कैश लूट, मरीज के लिए बना ग्रीन कॉरिडोर, 300 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

बीड़ी पीते समय कुएं में गिरा युवक, डूबने से मौत

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में कुएं की दीवार पर बैठकर बीड़ी पी रहे किसान टुडेश्वर यादव का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 20 फीट गहरे कुएं में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

रेलवे टिकट कलेक्शन का कैश लूटकर फरार हुए बदमाश

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में रेलवे टिकट कलेक्शन की राशि लेकर जा रहे सीएमएस कंपनी के कर्मचारी भिखारी सिंह ध्रुव से दिनदहाड़े झपटमारी हुई। दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर बाइक से गिराया और 7,430 रुपये, रेलवे दस्तावेज व कलेक्शन पर्चियों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

गंभीर मरीज के लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर

बिलासपुर। गंभीर रूप से बीमार 54 वर्षीय मरीज को एयर एम्बुलेंस से हैदराबाद भेजने के लिए यातायात पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया। डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देश पर सभी प्रमुख सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद कर मरीज को सुरक्षित चकरभाठा एयरपोर्ट पहुंचाया गया। मरीज दोनों फेफड़ों में निमोनिया संक्रमण, श्वसन विफलता और उच्च रक्तचाप से पीड़ित है। उसे यशोदा अस्पताल, हैदराबाद रेफर किया गया है।

15 जुलाई को विधानसभा घेरेंगे सहायक शिक्षक

डभरा। सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने वेतन विसंगति, क्रमोन्नत वेतनमान, टेट अनिवार्यता समाप्त करने, ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में सुधार और पुरानी पेंशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर 15 जुलाई को रायपुर के तूता मैदान में धरना प्रदर्शन और विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी ने सभी शिक्षकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

300 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रायगढ़। करीब 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को लैलूंगा क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से करीब 10.17 लाख रुपये की संपत्ति, केआईए कार, मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी जब्त की गई है। इससे पहले पुलिस इस मामले में 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की गांजा खेप और तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।