May 15, 2026

245 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, 1.30 करोड़ की जब्ती

बिलासपुर: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 245 किलो गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1.22 करोड़ रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को सूचना मिली थी कि एक मारुति अर्टिगा (CG 04QD 7255) में भारी मात्रा में गांजा कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने नेशनल हाईवे पर नवापारा चौक भेड़ी मुंडा के पास घेराबंदी कर वाहन की जांच की।

तलाशी के दौरान कार से 245 किलो गांजा बरामद किया गया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मारुति अर्टिगा वाहन (करीब 8 लाख रुपए कीमत) को भी जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस अवैध तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।