बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुर स्थित छोटू ढाबा के पास सड़क पर काम कर रही एक महिला मजदूर की तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान महिमा कोसले के रूप में हुई है। वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद बजरी से लदा ट्रेलर भी पलट गया। ट्रेलर का पंजीयन क्रमांक BR-03GC-9045 बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यस्थल पर सुरक्षा के लिए न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा संकेत मौजूद थे, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया।

मृतका के परिजन प्रीतम कोसले ने बताया कि महिमा उनके भाई की पत्नी थीं और एनएच प्रशासन के तहत चल रहे कार्य में मजदूरी कर रही थीं। शनिवार को काम के दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने राज्य सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन से मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





