बिलासपुर। रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप और साध्वी पद्मिनीपुरी के बीच विवाद गंभीर हो गया है। साध्वी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि अध्यक्ष ने उनके खिलाफ गलत बातें फैलाकर भक्तों को भड़काया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
साध्वी का आरोप है कि अध्यक्ष ने उन्हें “शराब और गांजा पीने वाली” बताकर बदनाम करने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एक बार भोजन के दौरान संतों के सामने उनका हाथ पकड़कर उन्हें हटाने का प्रयास किया गया और उनके धार्मिक कार्यों का लगातार विरोध किया जा रहा है। साध्वी ने बताया कि वे उज्जैन से दीक्षा प्राप्त कर वर्तमान में एक मठ में साधना कर रही हैं और हाल की घटनाओं से मानसिक रूप से आहत हैं। उन्होंने सुरक्षा की मांग भी की है।
वहीं दूसरी ओर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी ओर से भी शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना है कि साध्वी पहले भी ब्लैकमेलिंग के मामलों में शामिल रही हैं और भक्तों तथा पुजारियों को फंसाकर पैसे और जमीन लेने के आरोप उन पर लग चुके हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं, बयान और सबूतों की गंभीरता से जांच की जाएगी, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।





