May 15, 2026

बिलासपुर थाने में भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट, ASI निलंबित; FIR दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाने में केस की जानकारी लेने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ASI ने युवक की कनपटी पर कई थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने ASI को निलंबित कर दिया है, जबकि उसी थाने में उसके खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर के बनियापारा निवासी भाजपा कार्यकर्ता विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी मुलाकात ASI दिनेश तिवारी से हुई। इस दौरान केस की जानकारी और कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने की बात पर विवाद हो गया।

आरोप है कि इसी बात पर ASI भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए विनोद जायसवाल की पिटाई कर दी। पीड़ित ने बताया कि उसे 15–20 थप्पड़ मारे गए और धमकी दी गई कि “तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा।”

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि कोर्ट में रिपोर्ट भेजने के एवज में ASI द्वारा पैसे की मांग की गई थी। घटना के दौरान थाने में अन्य स्टाफ मौजूद था।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ASI को निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।