May 16, 2026

रिसॉर्ट के नाम पर 3.15 करोड़ की ठगी, कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपी गिरफ्तार

रिसॉर्ट प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी

बिलासपुर। शहर के एक कारोबारी से मध्यप्रदेश के कान्हा किसली में रिसॉर्ट बनाने के नाम पर 3.15 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मिनोचा कॉलोनी निवासी विकास चंदेल को आरोपियों ने बड़े प्रोजेक्ट का झांसा देकर कई वर्षों तक रकम ऐंठी, लेकिन न तो रिसॉर्ट बना और न ही कोई काम शुरू हुआ।

7 साल तक झांसा, नहीं मिला पैसा वापस

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में विकास चंदेल की पहचान दीपेंद्र पाणी और कुसमाकर भोंसले से हुई थी। दोनों ने Kanha Kisli National Park क्षेत्र में रिसॉर्ट और “आइसलैंड” प्रोजेक्ट का सपना दिखाया। एग्रीमेंट के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 3 करोड़ 15 लाख रुपये ले लिए गए।
समय बीतने के बाद भी जब कोई काम शुरू नहीं हुआ, तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

थाने में नहीं हुई सुनवाई, कोर्ट पहुंचा मामला

पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसे आपसी लेनदेन बताकर पुलिस ने कोर्ट जाने की सलाह दी। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में परिवाद दायर किया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

एक ही रात में दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दीपेंद्र पाणी को रायपुर के राजेंद्र नगर क्षेत्र से और कुसमाकर भोंसले को सरोरा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली।

कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल

मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। जांच में यह भी सामने आया कि दीपेंद्र पाणी ‘पाणी कंसलटेंट’ नाम से एजेंसी चलाता था, जबकि दूसरा आरोपी पहचान छिपाकर रह रहा था।