बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार छात्र को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर एक स्कूल बस से जा भिड़ी। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मृतक की पहचान मंगला स्थित अभिषेक विहार निवासी रूद्र प्रताप शर्मा (17) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हादसा पद्मश्री श्यामलाल चतुर्वेदी स्मार्ट रोड पर हुआ। तेज रफ्तार कार रॉन्ग साइड से आई और सामने से आ रही एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र कई फीट उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। इसके बाद कार आगे बढ़कर एक स्कूल बस से टकरा गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल रूद्र प्रताप शर्मा को पहले सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता उजागर हुई है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि काले रंग की कार रॉन्ग साइड से आकर स्कूटी को टक्कर मारती है, जिसके बाद छात्र हवा में उछलकर सड़क पर गिर जाता है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार (CG 10 BH 7752) को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





