March 4, 2026

बिलासपुर: सराफा व्यवसाय से लूट का गिरोह उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, लाखों का सोना और नगद बरामद

बिलासपुर: सराफा व्यवसाय से जुड़ी बड़ी लूट के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने उत्तर प्रदेश से पांच आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस गिरोह के मास्टरमाइंड विजय लांबा पर 70 से अधिक मामले दर्ज हैं। इस अभियान में उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायता की।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि यह लूट सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर में 17 फरवरी की रात हुई थी। इस दौरान हथियारबंद बदमाशों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी को निशाना बनाया और करीब 2 किलो सोना, 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और 3,50,000 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।

पुलिस की जांच में आरोपियों के उत्तर प्रदेश में होने की पुष्टि होने पर छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम ने वहां शॉर्ट एनकाउंटर कर आरोपियों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में आरोपियों में से एक के पैर में गोली लगी। लूटे गए जेवर, मशरुका और घटना में इस्तेमाल किए गए फायर आर्म्स भी बरामद किए गए हैं।

मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हैं:

  • विजय लांबा, ओम बिहार, उत्तम नगर, द्वारका, दिल्ली
  • मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित, सोरखा सेक्टर 113, कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश
  • विनोद उर्फ बीनू प्रजापति, दादाबाड़ी, कोटा, राजस्थान
  • करीम खाम, चकमहमूद, सकलेन नगर, बरेली, उत्तर प्रदेश
  • ईरफान अली (32 वर्ष), टिकरा पारा, बिलासपुर

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2), 109, 309(6), 311 बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार आरोपियों को बिलासपुर लाया जा रहा है, और उनसे पूछताछ के दौरान और खुलासों की उम्मीद है।