March 3, 2026

बिलासपुर में अमहा तालाब में डूबे दो युवक, शराब पीकर नहाने उतरे थे

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के खमतराई स्थित अमहा तालाब में रविवार शाम दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ तालाब के पास घूमने गए थे।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि बंधवापारा निवासी हिमांशु चंहादे (21) और देवरी खुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (21) अपने पांच अन्य साथियों के साथ अमहा तालाब पहुंचे थे। वहां सभी ने शराब का सेवन किया।

बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान एक युवक बाइक से तालाब के किनारे चक्कर लगा रहा था, तभी बाइक अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। वह किसी तरह बाहर निकल आया। इसके बाद युवक दोबारा शराब पीकर तालाब में नहाने उतर गए। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए। साथियों ने एक युवक को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन हिमांशु और शिवम को नहीं बचाया जा सका।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार प्रकृति ध्रुव की मौजूदगी में स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।