Jagdalpur। नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रेवल्स की बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसे में कवर्धा निवासी और दोरनापाल में पदस्थ शिक्षिका पद्मनी चंद्रवंशी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया था। बाद में जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





