July 23, 2026

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला 5 हजार का इनामी आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

बिलासपुर की सरकंडा पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने के आरोप में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले तीन महीने से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का कथित शारीरिक शोषण करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार बघेल के रूप में हुई है, जिस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर में दबिश देकर उसे एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स से गिरफ्तार कर लिया।

चार साल तक शादी का झांसा देकर किया शोषण

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आरोपी ने शादी का वादा कर करीब चार वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसे जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।

पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा थाना में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरोपी फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

बीएनएस की धारा 69 के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।