May 19, 2026

बिलासपुर: तेज रफ्तार ट्रक ने GGU प्रोफेसरों की कार को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे दंपति

बिलासपुर। शहर के सरकंडा क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) के दो वरिष्ठ प्रोफेसरों की कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार सवार दंपति सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, फ्रेंड्स रेसिडेंसी निवासी अमित सक्सेना, जो GGU के कंप्यूटर साइंस विभाग में सीनियर प्रोफेसर हैं, अपनी पत्नी अनुपमा सक्सेना (राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष) के साथ यूनिवर्सिटी से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे गुप्ता डेयरी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की डिक्की, बंपर और दाहिनी तरफ का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद प्रोफेसर दंपति ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281 और 125(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

परिवार का प्रशासनिक पृष्ठभूमि से जुड़ाव
बताया जा रहा है कि अनुपमा सक्सेना के भाई तारण प्रकाश सिन्हा आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में पंचायत डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनकी पत्नी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा रायपुर ग्रामीण की एसपी हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।